home page

सीआरपीएफ की 175वीं बटालियन ने मनाया सीआरपीएफ का 88वां स्थापना दिवस

 | 
सीआरपीएफ की 175वीं बटालियन ने मनाया सीआरपीएफ का 88वां स्थापना दिवस


सीआरपीएफ की 175वीं बटालियन ने मनाया सीआरपीएफ का 88वां स्थापना दिवस


गुवाहाटी, 27 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) का 88वां स्थापना दिवस गुवाहाटी के पश्चिमी छोर पर स्थित रानी में 175वीं सीआरपीएफ बटालियन मुख्यालय परिसर में पूरे उत्साह और हर्षोल्लास के साथ आज विभिन्न कार्यक्रमों के तहत मनाया गया।

गौरतलब है कि सीआरपीएफ का इतिहास 27 जुलाई, 1939 से जुड़ा है, जब इसे 'क्राउन रिप्रेजेंटेटिव्स पुलिस' के रूप में गठित किया गया था। स्वतंत्रता के पश्चात तत्कालीन गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल ने इसका नाम बदलकर 'सेंट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स' (केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल) कर दिया था।

इस अवसर पर 175वीं बटालियन के कमांडेंट नंदकिशोर कुमार यादव ने सर्वप्रथम कर्तव्य के दौरान अपने प्राण न्योछावर करने वाले बल के वीर शहीद जवानों और अधिकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। तत्पश्चात, सेकेंड-इन-कमांड मुकुंद मोहन व अमित सिन्हा, डिप्टी कमांडेंट विराट कुमार सिंह, असिस्टेंट कमांडेंट अदावे ललित अशोक व ईशिता सहित अन्य अधिकारियों और अधीनस्थ कार्मिकों ने शहीद स्मारक पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में ऑडिटोरियम में एक सैनिक सम्मेलन का भी आयोजन किया गया।

सम्मेलन में उपस्थित अधिकारियों और जवानों को संबोधित करते हुए कमांडेंट ने सीआरपीएफ के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डाला और स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

इसके अतिरिक्त, शाम को बल की सभी मेस में 'बड़ा खाना' और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / देबजानी पतिकर