बकरीद से पहले मुख्यमंत्री को कथित धमकी देने के आरोप में पूर्व विधायक अली अकबर मियां गिरफ्तार
धुबड़ी (असम), 23 मई (हि.स.)। बकरीद से पहले गो-कुर्बानी को लेकर विवादित टिप्पणी करने तथा मुख्यमंत्री को कथित तौर पर धमकी देने के आरोप में गिरफ्तार बिलासीपारा के पूर्व विधायक अली अकबर मियां से धुबड़ी पुलिस ने पूरी रात पूछताछ की। पूछताछ के दौरान शनिवार तड़के उनकी तबीयत बिगड़ गई।
पूर्व विधायक की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें तत्काल धुबड़ी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। उपचार के बाद पुलिस उन्हें पुनः धुबड़ी सदर थाना लेकर आई, जहां उनसे पूछताछ जारी है।
सूत्रों के अनुसार, अपराध अनुसंधान शाखा के उप पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में पूर्व विधायक से पूछताछ की जा रही है। वहीं, आज अली अकबर मियां को अदालत में पेश किए जाने की संभावना है।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

