फ्रंट ने की सरकार के विरूद्ध शांतिपूर्ण विरोध रैली की घोषणा
इटानगर, 04 अगस्त (हि.स.)। अरुणाचल फ्रंटियर ट्राइबल फ्रंट ने राज्य सरकार के खिलाफ अपनी मांगों के समर्थन में शांतिपूर्ण विरोध रैली की घोषणा की है। यह रैली नौकरी में आरक्षण और भर्ती नियमों में 80:20 के अनुपात को खत्म करने की उनकी मुख्य मांग के समर्थन में है।
मंगलवार को अरुणाचल प्रेस क्लब में मीडिया से बात करते हुए फ्रंट के चेयरमैन ताडक नालो ने कहा कि यह मुद्दा सबसे पहले 2021 में तब सामने आया था जब एक गैर-अरूणाचली उम्मीदवार, अनमोल सिंह ने अरुणाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग की परीक्षा में टॉप किया था। उस समय ऑल अरुणाचल प्रदेश स्टूडेंट्स यूनियन के अध्यक्ष हवा बागांग ने भी यह मुद्दा उठाया था और 80:20 के अनुपात को खत्म करने की मांग की थी।
इसके बाद 2022 में राज्य सरकार ने तत्कालीन शिक्षा मंत्री ताबा तेदिर की अध्यक्षता में एक हाई-लेवल कमेटी बनाई। कमेटी ने 17 महीने बाद अपनी रिपोर्ट सौंपी, लेकिन मुख्य सचिव के साथ कई बैठकें होने के बावजूद राज्य सरकार ने इस पर कोई फैसला नहीं लिया।
इसके बाद हमने बार-बार ज्ञापन सौंपे, लोकतांत्रिक आंदोलन किए (जिसमें सिग्नेचर कैंपेन भी शामिल था) और विस्तृत मांग-पत्र भी दिया, लेकिन राज्य सरकार की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
हाल ही में एक और हाई-लेवल कमेटी बनाने की घोषणा पर नालो ने आरोप लगाया कि सरकार पिछले चार साल से इस मामले को टाल रही है। उन्होंने बार-बार कमेटियां बनाने को कार्रवाई टालने के लिए सिर्फ दिखावा बताया।
उन्होंने कहा कि मौजूदा हाई-लेवल कमेटी की रिपोर्ट ही 80:20 के अनुपात को खत्म करने के लिए काफी है और एक और कमेटी बनाने की कोई ज़रूरत नहीं है। उन्होंने यह भी मांग की कि परमानेंट रेजिडेंट सर्टिफिकेट पॉलिसी को स्थायी बनाया जाए।
इसके अलावा, उन्होंने 8 अगस्त को इटानगर में आकाशदीप से आईजी पार्क तक एक शांतिपूर्ण रैली की घोषणा की। रैली के बाद फोरम आगे की कार्रवाई के बारे में फैसला करेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी

