home page

लखीमपुर में वन रेंजर रिश्वत लेते गिरफ्तार

 | 

लखीमपुर (असम), 01 मई (हि.स.)। असम के लखीमपुर जिले में तैनात एक वन रेंजर को निदेशालय सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक, असम की टीम ने शुक्रवार को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, लखीमपुर रेंज के वन रेंजर शिबाशीष सांडिल्य (एएफएस) पर आरोप था कि उन्होंने वन उत्पाद ढोने वाले वाहनों को बिना बाधा आवागमन की अनुमति देने के बदले प्रति वाहन प्रति माह 6,000 रुपये की रिश्वत की मांग की थी।

रिश्वत देने से इनकार करते हुए शिकायतकर्ता ने मामले की जानकारी सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक निदेशालय को दी, जिसके बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की गई और जाल बिछाया गया।

निदेशालय की टीम ने 01 मई को लखीमपुर स्थित रेंज कार्यालय परिसर के आधिकारिक आवास में कार्रवाई करते हुए आरोपित को उस समय पकड़ लिया, जब वह शिकायतकर्ता से मांगी गई रिश्वत की आंशिक राशि 12,000 रुपये स्वीकार कर रहा था। बरामद राशि को स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में जब्त किया गया।

इस संबंध में एसीबी थाना में मामला संख्या 07/2026 के तहत भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7(ए) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।

प्रारंभिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश