हर विधानसभा क्षेत्र में बनेगा 'जन्मदिन सेउज शपथ उद्यान' : जयंत मल्लबरुवा
गुवाहाटी, 07 जुलाई (हि.स.)। असम के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री जयंत मल्लबरुवा ने मंगलवार को सोनापुर के तोपाटोली में 'जन्मदिन सेउज शपथ उद्यान' का शुभारंभ किया। उन्होंने घोषणा की कि राज्य के सभी 126 विधानसभा क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से ऐसे उद्यान स्थापित किए जाएंगे, जहां लोग अपने जन्मदिन पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प ले सकेंगे।
इस पहल की शुरुआत दो वर्षीय भास्विका तालुकदार ने अपने दूसरे जन्मदिन पर पौधा लगाकर की। इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि जन्मदिन पर लगाया गया पौधा व्यक्ति को प्रकृति से भावनात्मक रूप से जोड़ता है और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करता है।
उन्होंने बताया कि पहला 'जन्मदिन सेउज शपथ उद्यान' डिमोरिया विधानसभा क्षेत्र में स्थापित किया गया है। आगे स्थानीय विधायकों के सहयोग से सभी विधानसभा क्षेत्रों में ऐसे उद्यान विकसित किए जाएंगे। वन विभाग पौधों की देखभाल भी करेगा, ताकि लोग वर्षों तक अपने लगाए गए वृक्षों को बढ़ते हुए देख सकें।
कार्यक्रम में डिमोरिया के विधायक डॉ. तपन दास और वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। सरकार का उद्देश्य इस पहल को जनभागीदारी आधारित हरित अभियान का रूप देना है, ताकि हर जन्मदिन पर्यावरण संरक्षण का संदेश बन सके।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

