ओरांग राष्ट्रीय उद्यान में ड्यूटी के दौरान सर्विस राइफल से चली गोली, वनकर्मी गंभीर रूप से घायल
गुवाहाटी, 18 जुलाई (हि.स.)। असम के ओरांग राष्ट्रीय उद्यान में ड्यूटी के दौरान एक वनकर्मी अपनी सर्विस राइफल से निकली गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल वनकर्मी की पहचान बिपिन डेका के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार तड़के वह वन विभाग के वाहन से उतर रहे थे, तभी उनके हाथ में मौजूद सर्विस राइफल से अचानक गोली चल गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद अन्य कर्मचारियों ने उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां से बेहतर इलाज के लिए गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच) रेफर किया गया। उनकी हालत गंभीर होने के कारण उन्हें अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है।
वन विभाग ने घटना की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाया जा रहा है कि सर्विस राइफल से अचानक गोली कैसे चल गई।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

