सीमा विवाद के नाम पर वन क्षेत्र का विनाश बर्दाश्त नहीं होगा : वन मंत्री
गोलाघाट (असम), 19 जुलाई (हि.स.)। असम के वन मंत्री जयंत मल्लबरुवा ने रविवार को कहा कि सीमा विवाद के नाम पर वन क्षेत्र को नुकसान पहुंचाने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में सरकार सख्त और उचित कार्रवाई करेगी।
रविवार को एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए वन मंत्री ने बेहाली वन क्षेत्र में हुई गोलीबारी की घटना पर भी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
वन मंत्री ने बताया कि राज्य में हाथी-मानव संघर्ष की घटनाओं को रोकने के लिए जल्द ही एक मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) लागू की जाएगी। असम विधानसभा में इसे पेश किया जाएगा। इसके अलावा, बंदरों के बढ़ते उत्पात से निपटने के लिए भी अलग से एसओपी तैयार की जाएगी।
मंत्री ने कहा कि फॉरेस्ट की जमीन को बेदखल करने वाले लोगों के खिलाफ अभियान जोरदार तरीके से शुरू होगा।
------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

