home page

सियांग मेगा-डैमः इटानगर चलो पद यात्रा 130 किमी की दूरी तय कर पहुंचा पासीघाट

 | 
सियांग मेगा-डैमः इटानगर चलो पद यात्रा 130 किमी की दूरी तय कर पहुंचा पासीघाट


इटानगर, 06 नवंबर (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के 'आदि गैलो वेलफेयर सोसाइटी' द्वारा आयोजित 'इटानगर चलो अभियान' के तहत एक शांतिपूर्ण पदयात्रा दल, अरुणाचल प्रदेश के अपर सियांग जिले के गेकू से लगभग 130 किलोमीटर की दूरी तय कर आज ईस्ट सियांग जिला पासीघाट पहुंच गया।

सियांग मेगा-डैम परियोजना का विरोध करते हुए यह दल बीते 4 नवंबर को मारियांग के गेकू से इटानगर की ओर निकला था। गेकू से इटानगर तक की 400 किलोमीटर की इस पदयात्रा के क्रम में, दल आज पासीघाट पहुंच गया है।

पासीघाट में रुकने के दौरान, सोसाईटी के अध्यक्ष गेयी बाग्रा और प्रवक्ता कार्गे बासर ने मीडिया से बात करते हुए सोसाइटी की चार प्रमुख मांगों को दोहराया। इन मांगों में सियांग मेगा-डैम परियोजना मामले में हिरासत में लिए गए सभी लोगों की बिना शर्त और तत्काल रिहाई; बांध निर्माण से पहले 'सेंट्रल बोगोंग ऑर्गनाइजेशन' और अन्य सामाजिक प्रतिनिधियों के साथ शांति वार्ता; इस मामले से जुड़े 'हेड गांव बूढ़ा' 'गांव बूढ़ा' और सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ जारी निलंबन आदेशों को रद्द करना; और डैम से प्रभावित गांवों से अर्धसैनिक बलों तथा केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के जवानों को वापस बुलाना शामिल है।

सोसाइटी का कहना है कि परियोजना से जुड़ी किसी भी विकास गतिविधि को आगे बढ़ाने से पहले, प्रभावित समुदायों के साथ बातचीत और शांतिपूर्ण संवाद करना अनिवार्य है।

इस बीच, सोसाइटी ने उन लोगों और शुभचिंतकों का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने इस पदयात्रा के दौरान यात्रियों को भोजन, पीने का पानी, आश्रय और अन्य आवश्यक सहायता देकर उनका समर्थन किया है। सोसाइटी ने जनता के इस आतिथ्य और एकजुटता की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के समर्थन ने प्रतिभागियों को अपनी शांतिपूर्ण पदयात्रा जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया है।

यह पदयात्रा एकजुट रहें और आगे बढ़ें के नारे के साथ, हाथ में देश का तिरंगा लिए निकाली जा रही है। अपनी मांगों को मनवाने के लिए, यह प्रतिनिधिमंडल इटानगर की ओर अपनी यात्रा जारी रखे हुए है।

हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी