सिमलुगुड़ी में बाढ़ से रेल सेवाएं प्रभावित, कई ट्रेनें रद्द और डायवर्ट
गुवाहाटी, 25 जुलाई (हि.स.)। दिखौ नदी के उफान और सिमलुगुड़ी क्षेत्र में आई भीषण बाढ़ के कारण पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) की रेल सेवाएं गंभीर रूप से प्रभावित हुई हैं। रेलवे ट्रैक और आसपास के क्षेत्र जलमग्न होने के चलते सिमलुगुड़ी–नामतियाली तथा सिमलुगुड़ी–सेलेंघाट रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया है।
पूसीरे के सीपीआरओ ने आज बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए डिब्रूगढ़ और तिनसुकिया से आने-जाने वाली कई लंबी दूरी की ट्रेनों को रंगिया–रंगापाड़ा–डिब्रूगढ़ मार्ग से डायवर्ट किया गया है। वहीं, कई स्थानीय यात्री, इंटरसिटी और डेमू ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है, जबकि नगालैंड एक्सप्रेस सहित कुछ ट्रेनों का आंशिक समापन और आंशिक प्रारंभ मारियानी से किया जाएगा।
रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में इंजीनियरिंग टीमें युद्धस्तर पर राहत एवं बहाली कार्य में जुटी हैं और 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है, ताकि जल्द से जल्द सामान्य रेल परिचालन बहाल किया जा सके।
फंसे हुए यात्रियों की सुविधा के लिए लुमडिंग–मरियानी, तिनसुकिया–भोजो तथा न्यू तिनसुकिया–मोरानहाट के बीच विशेष ट्रेनों की सेवाएं भी अतिरिक्त फेरों के साथ बढ़ा दी गई हैं।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेने की अपील की है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

