विधायक के स्मारक परिसर बनाने के प्रस्ताव का विरोध
इटानगर, 07 नवंबर (हि.स.)। अरुणाचल प्रेदश केयी पान्योर जिला के पोसा और नीपको कॉलोनी के बाढ़ प्रभावित निवासियों ने याचुली के विधायक टोको तातुंग और संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि बाढ़ से प्रभावित सभी परिवारों के बीच बची हुई राहत राशि को समान रूप से बांटा जाए। उन्होंने विधायक तातुंग के उस प्रस्ताव का कड़ा विरोध किया है, जिसमें आपदा प्रभावित परिवारों के लिए दान की गई बची हुई राहत राशि का उपयोग कर जिले के पोसा गांव में एक स्मारक परिसर बनाने का प्रस्ताव रखा है।
सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में, तातुंग ने बताया कि 'विधायक राहत देखभाल कोष' में कुल 3.20 करोड़ रुपये जमा हुए थे, जिसमें 2.34 करोड़ रुपये बैंक जमा के जरिए और 86.14 लाख रुपये नकद के रूप में प्राप्त हुए थे।
कुल राशि में से 67.74 लाख रुपये राहत कार्यों पर खर्च किए जा चुके हैं, जिससे अब 2.52 करोड़ रुपये की राशि बची है। इसमें 1.83 करोड़ रुपये बैंक में और 69.05 लाख रुपये नकद के रूप में मौजूद हैं। विधायक ने प्रस्ताव दिया है कि इस बची हुई 2.52 करोड़ रुपये की पूरी राशि का उपयोग पोसा गांव में एक स्मारक परिसर बनाने के लिए किया जाएगा।
विधायक ने इस प्रस्तावित स्मारक का एक डिज़ाइन भी पेश किया है, जिसका नाम न्योकू सीड्स ऑफ रेजिलिएंसरखा गया है। उन्होंने इसे उन लोगों के लिए एक स्थायी श्रद्धांजलि बताया है, जिन्होंने विनाशकारी बाढ़ में अपनी जान गंवा दी।
प्रोजेक्ट डिज़ाइन के अनुसार, इस परिसर में 20 फुट ऊंची ट्री ऑफ लाइफ (जीवन का वृक्ष) की मूर्ति, मृतकों की याद में पांच स्मारक वृक्ष, एक स्थायी 'रोल ऑफ ऑनर' (सम्मान सूची) और दानदाताओं के नाम वाली एक पट्टिका होगी।
हालांकि, इस प्रस्ताव की सोशल मीडिया पर आलोचना हो रही है। कई उपयोगकर्ताओं का तर्क है कि बाढ़ पीड़ितों के लिए विशेष रूप से जुटाए गए दान का उपयोग बुनियादी ढांचे के विकास के लिए नहीं किया जाना चाहिए। कई लोगों ने आपदा प्रभावित परिवारों के लिए दिए गए दान के इस तरह के इस्तेमाल पर सवाल उठाए हैं।
जहां कुछ लोगों ने वित्तीय लेन-देन को सार्वजनिक रूप से साझा करने के लिए विधायक की पारदर्शिता की सराहना की, वहीं अन्य लोगों ने उनसे आग्रह किया कि वे स्मारक बनाने के बजाय प्रभावित परिवारों के पुनर्वास को प्राथमिकता दें।
इस बीच, पोसा और नीपको कॉलोनी के बाढ़ प्रभावित निवासियों ने इस प्रस्ताव पर आपत्ति जताई है और संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि बची हुई राशि को सभी प्रभावित परिवारों के बीच समान रूप से बांट दिया जाए। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों को यह भी उम्मीद है कि राहत राशि बिना किसी पक्षपात के वास्तव में प्रभावित परिवारों तक पहुंचनी चाहिए, क्योंकि दान देने वालों ने यह मदद पीड़ित परिवारों के लिए दी थी, न कि कोई स्मारक परिसर बनाने के लिए।
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी

