home page

बाढ़ः कमर भर पानी में अंतिम संस्कार, कीचड़ में जिंदगी तलाश रहे शिवसागर-चराईदेव के लोग

 | 
बाढ़ः कमर भर पानी में अंतिम संस्कार, कीचड़ में जिंदगी तलाश रहे शिवसागर-चराईदेव के लोग


गुवाहाटी, 26 जुलाई (हि.स.)। असम के बाढ़ प्रभावित शिवसागर और चराईदेव जिलों में तबाही का ऐसा मंजर है, जहां लोगों के लिए जीवन और मृत्यु दोनों ही संघर्ष बन गए हैं। बाढ़ से घिरे अनेक परिवारों को अपने प्रियजनों का अंतिम संस्कार तक कमर भर पानी के बीच करना पड़ रहा है।

श्मशान घाट जलमग्न होने के कारण परिजनों ने बाढ़ के पानी के ऊपर अस्थायी मंच बनाकर मृतकों के अंतिम संस्कार की रस्में पूरी कीं और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। यह दृश्य बाढ़ की भयावहता और पीड़ित परिवारों की बेबसी को बयां करता है।

शिवसागर और चराईदेव जिले में आई भीषण बाढ़ के दौरान कई गांवों में पानी घरों की छतों तक पहुंच गया था। अब पानी धीरे-धीरे उतर रहा है, लेकिन अपने पीछे मोटी कीचड़ की परत छोड़ गया है, जिसने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।

घरों के भीतर और बाहर हर ओर केवल कीचड़ ही कीचड़ है। कई स्थानों पर घुटनों तक जमी कीचड़ के बीच लोग अपने घरों को साफ करने, सामान बचाने और एक बार फिर सामान्य जीवन शुरू करने की कोशिश में जुटे हैं।

बाढ़ का पानी भले ही घट रहा हो, लेकिन पीड़ितों की पीड़ा अभी खत्म नहीं हुई है। उनके सामने अब अपने टूटे आशियाने, उजड़ी जिंदगी और भविष्य को फिर से संवारने की कठिन चुनौती खड़ी है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश