बाढ़ से बचाए गए हाथी ‘जयमती’ को विशेष उपचार के लिए वंतारा ले जाया गया
गुवाहाटी, 22 अगस्त (हि.स.)। नगालैंड से जुलाई में असम आए बाढ़ के पानी से बचाई गई 53 वर्षीय हथिनी जयमती को बेहतर पशु चिकित्सा उपचार के लिए जामनगर स्थित वंतारा ले जाया गया है।
बाढ़ में बहने के बाद जयमती के शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई थीं। उसकी दाहिनी आंख गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त है, जबकि बाएं पिछले पैर की पुरानी चोट के कारण उसे चलने-फिरने में परेशानी होती है।
स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार मिलने के बाद पशु चिकित्सकों ने उसकी उम्र, चोटों और स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए विशेषज्ञ उपचार की जरूरत बताई। लंबी सड़क यात्रा से होने वाले शारीरिक दबाव को कम करने के लिए उसे हवाई मार्ग से स्थानांतरित किया गया।
वंतारा पहुंचने के बाद जयमती की विस्तृत जांच की जाएगी और उसे आवश्यक चिकित्सा, पोषण एवं सहायक उपचार दिया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, यह स्थानांतरण अस्थायी है और केवल चिकित्सा उपचार के उद्देश्य से किया गया है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

