home page

बाढ़ प्रभावित नाजिरा के लिए विशेष राहत पैकेज की मांग

 | 

गुवाहाटी, 21 जुलाई (हि.स.)। कांग्रेस विधायक दल के पूर्व नेता देवब्रत सैकिया ने मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा को पत्र लिखकर नाजिरा सह-जिले और आसपास के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए विशेष राहत पैकेज की मांग की है। उन्होंने क्षतिग्रस्त सड़कों और पुलों की तत्काल मरम्मत, चिकित्सा एवं पशु चिकित्सा शिविरों की स्थापना तथा प्रभावित किसानों और परिवारों को आर्थिक सहायता देने का आग्रह किया।

सैकिया ने कहा कि हालिया बाढ़ से नाजिरा, सिमलुगुड़ी और आमगुड़ी विकास खंडों के लगभग 160 गांवों के 60 हजार से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से गेलेकी-नाजिरा मार्ग पर बेली ब्रिज लगाने, क्षतिग्रस्त स्कूलों के पुनर्निर्माण, किसानों को बीज-उर्वरक उपलब्ध कराने तथा प्रभावित परिवारों, मजदूरों, चाय बागान श्रमिकों और छोटे व्यापारियों को एकमुश्त वित्तीय सहायता प्रदान करने की भी मांग की। साथ ही, उन्होंने स्थिति का जायजा लेने के लिए उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भेजने का अनुरोध किया।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश