home page

बाढ़ प्रभावित चार जिलों के विद्यार्थियों के लिए बड़ी राहत, बिना पुलिस रिपोर्ट के मिलेंगे डुप्लीकेट एडमिट कार्ड और मार्कशीट

 | 
बाढ़ प्रभावित चार जिलों के विद्यार्थियों के लिए बड़ी राहत, बिना पुलिस रिपोर्ट के मिलेंगे डुप्लीकेट एडमिट कार्ड और मार्कशीट


गुवाहाटी, 29 जुलाई (हि.स.)। असम सरकार ने बाढ़ प्रभावित विद्यार्थियों के लिए बड़ी राहत की घोषणा की है। शिवसागर, चराईदेव, जोरहाट और गोलाघाट जिलों के जिन छात्रों के एडमिट कार्ड, मार्कशीट या प्रमाणपत्र बाढ़ में नष्ट या खो गए हैं, उन्हें बिना पुलिस रिपोर्ट के निःशुल्क डुप्लीकेट प्रतियां उपलब्ध कराई जाएंगी।

असम राज्य स्कूल शिक्षा बोर्ड (एएसएसईबी) के सचिव नरनारायण नाथ ने बताया कि बाढ़ प्रभावित विद्यार्थियों को मार्कशीट, प्रमाणपत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की प्रतियां पूरी तरह निःशुल्क दी जाएंगी, ताकि उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो।

राज्य सरकार ने यह भी घोषणा की है कि बाढ़ से प्रभावित लगभग 1.5 लाख विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें और स्कूल यूनिफॉर्म वितरित की जाएंगी। प्रारंभिक आकलन के अनुसार शिवसागर, चराईदेव और जोरहाट जिलों के लगभग 80 प्रतिशत स्कूल बाढ़ से प्रभावित हुए हैं।

बाढ़ में खराब या बह गई पुस्तकों के स्थान पर नई पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध कराई जाएंगी, जबकि अपने सामान खो चुके विद्यार्थियों को नई स्कूल यूनिफॉर्म भी दी जाएगी। असम राज्य पाठ्यपुस्तक उत्पादन एवं प्रकाशन निगम को तत्काल वितरण के निर्देश दिए गए हैं और 30 जुलाई से वितरण शुरू किया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित न हो।

सरकार ने बताया कि एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के संयुक्त आकलन के बाद क्षतिग्रस्त स्कूलों की मरम्मत और पुनर्स्थापना का कार्य शुरू किया जाएगा। यह निर्णय उस वायरल वीडियो के बाद लिया गया, जिसमें एक छात्र बाढ़ में भीगी अपनी किताबों को सुखाने का प्रयास करता दिखाई दिया था।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश