बाढ़ की विभीषिका के बीच असम की जानमणि ने राष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप में जीता स्वर्ण
जोरहाट (असम), 11 अगस्त (हि.स.)। असम में आई विनाशकारी बाढ़ के बीच टियक विधानसभा क्षेत्र की एक उभरती हुई खिलाड़ी जानमणि कोंवर ने राष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन किया है। एलेंगमरा के मजीयाभेटा की रहने वाली जानमणि ने नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप में असम का प्रतिनिधित्व करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया।
जानमणि की यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि बाढ़ में उनके परिवार ने अपना सब कुछ गंवा दिया है और परिवार आज भी तटबंध पर एक तंबू के नीचे रहने को मजबूर है। इन विषम परिस्थितियों के बावजूद जानमणि ने हिम्मत और आत्मविश्वास नहीं खोया और राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
बाढ़ के पानी से जूझते हुए प्रतियोगिता तक पहुंचने और कठिन परिस्थितियों के बीच रिंग में उतरकर स्वर्ण पदक जीतने वाली जानमणि आज क्षेत्र के लोगों के लिए प्रेरणा बन गई हैं। उनकी उपलब्धि ने बाढ़ की त्रासदी के बीच एक सकारात्मक संदेश दिया है।
टियक के विधायक विकास सैकिया ने जानमणि से मुलाकात कर उन्हें इस शानदार उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ी की कड़ी मेहनत और दृढ़ इच्छाशक्ति की सराहना करते हुए भविष्य में खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

