home page

मतदाता जागरूकता के लिए कोकराझार पुलिस का फ्लैग मार्च

 | 
मतदाता जागरूकता के लिए कोकराझार पुलिस का फ्लैग मार्च


कोकराझार (असम), 6 अप्रैल (हि.स.)। आसन्न असम विधानसभा चुनाव 2026 के मद्देनज़र जिले में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं अधिकतम मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कोकराझार पुलिस द्वारा व्यापक स्तर पर फ्लैग मार्च का आयोजन किया गया।

इस फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य आम मतदाताओं के बीच जागरूकता फैलाना, उन्हें निर्भीक होकर मतदान करने के लिए प्रेरित करना तथा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था के प्रति विश्वास कायम करना था। पुलिस बल ने शहर के विभिन्न संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण क्षेत्रों में मार्च करते हुए लोगों से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित कर उन्हें आश्वस्त किया कि चुनाव के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। साथ ही, किसी भी प्रकार की अफवाहों से दूर रहने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया गया।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि चुनाव को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। इसके अलावा, संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती भी सुनिश्चित की जाएगी।

इस पहल को आम जनता से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है और स्थानीय लोगों ने भी लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की प्रतिबद्धता जताई है।

हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा