असम में पांच एलपीजी वितरक निलंबित, आपूर्ति पर कड़ी निगरानी
गुवाहाटी, 04 अप्रैल (हि.स.)। असम के मुख्य सचिव कार्यालय ने वितरण में अनियमितताओं और नियमों के उल्लंघन के आरोप में राज्य के पांच एलपीजी वितरकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
शनिवार को दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति के मद्देनजर और पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की कार्ययोजना के अनुरूप की गई है। राज्य और जिला स्तर पर ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के साथ समन्वय में एलपीजी आपूर्ति की कड़ी निगरानी की जा रही है।
निलंबित किए गए वितरकों में तेजपुर का बीएम गैस सर्विस, बिस्वनाथ चाराली का बिस्वनाथ गैस डिस्ट्रीब्यूटर, धुबड़ी का गदाधर गैस सर्विस, हाउली (बरपेटा) का केए इंडेन ग्रामीण वितरक तथा होजाई का प्रकाश इंडेन एजेंसी शामिल हैं। आदेश के अनुसार, इन वितरकों को तत्काल प्रभाव से एलपीजी आपूर्ति बंद कर दी गई है और सप्लाई प्लानिंग एंड डिस्ट्रीब्यूशन (एसपीडी) प्रणाली में इन्हें कोई आवंटन नहीं किया जाएगा।
सरकार ने यह भी सुनिश्चित किया है कि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए इन एजेंसियों से जुड़े उपभोक्ताओं को वैकल्पिक वितरकों से जोड़ा गया है।
इस बीच, केंद्र और राज्य स्तर पर एलपीजी आपूर्ति की समीक्षा की गई है। सरकार ने आश्वासन दिया है कि घरेलू उपभोक्ताओं को शत् प्रतिशत आवंटन के साथ पर्याप्त एलपीजी उपलब्ध है। वहीं, वाणिज्यिक उपभोक्ताओं के लिए 10 प्रतिशत अतिरिक्त आवंटन प्राप्त कर कुल आपूर्ति को 70 प्रतिशत तक बढ़ाया गया है।
सरकार ने आवश्यक वस्तुओं के वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति दोहराई है और कहा है कि समीक्षा पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है ताकि जनहित सुरक्षित रहे और एलपीजी की आपूर्ति सुचारु रूप से जारी रहे।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

