दक्षिण कामरूप के सोनतली में पुलिस कार्रवाई, पांच अपहरणकर्ता गिरफ्तार
गुवाहाटी, 26 अप्रैल (हि.स.)। दक्षिण कामरूप जिले के सोनतली क्षेत्र में पुलिस द्वारा चलाए गए अभियान के दौरान पांच अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई गुवाहाटी के नूनमाटी थाने में दर्ज एक मामले के आधार पर की गई, जिसमें अपहृत व्यक्ति सानिदुल अली को सकुशल बरामद कर लिया गया।
पुलिस सूत्रों ने आज बताया है कि गिरफ्तार आरोपितों की पहचान साजिद अली, हैदर अली, अबु जुबैर आकंद और राकिब अली के रूप में हुई है, जबकि एक अन्य आरोपित को भी हिरासत में लिया गया है। सभी आरोपितों को नूनमाटी पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, सोनापुर निवासी सानिदुल अली को आरोपितों ने सोनतली बुलाकर उसका अपहरण कर लिया था और उसकी रिहाई के लिए एक लाख रुपये की फिरौती की मांग की थी। मामले में यह भी सामने आया है कि अपहरण की साजिश में पीड़ित का एक रिश्तेदार (बहनोई) भी शामिल था।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान एक स्विफ्ट कार भी जब्त की है, जिसका उपयोग अपहरण की घटना में किया गया था। फिलहाल सभी आरोपितों से पूछताछ जारी है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

