मणिपुर में पांच उग्रवादी गिरफ्तार, हथियारों का जखीरा और संदिग्ध गांजा बरामद
इंफाल, 26 जून (हि.स.)। मणिपुर में सुरक्षा बलों ने बीते 24 घंटे में चलाए गए अलग-अलग अभियानों में विभिन्न उग्रवादी संगठनों के पांच कैडरों को गिरफ्तार किया। इसके साथ ही हथियारों का जखीरा बरामद किया गया तथा इंफाल हवाई अड्डे पर एक यात्री के पास से संदिग्ध गांजा भी जब्त किया गया।
आज दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार 25 जून को सुरक्षा बलों ने काकचिंग जिले के काकचिंग खुनौ उमाथेल मथक लेइकाई निवासी सोरेपा नाम संगठन के सक्रिय कैडर एवं कथित रंगदारी वसूलने वाले शामजेतशाबाम कोकफाई मैतेई (26) को उसके घर से गिरफ्तार किया। इसी दिन थौबल जिले के खोंगजोम थाना क्षेत्र के वांगजिंग सबल लेइकाई से केवाईकेएल के सक्रिय कैडर कोंसम ओकेन मैतेई उर्फ माइजाओ उर्फ मालेमंगनबा उर्फ बोदे (36) को भी गिरफ्तार किया गया।
एक अन्य अभियान में इंफाल पश्चिम जिले के लामसांग थाना क्षेत्र के फायेंग और खरांग कोईरेंग/तैरेनपोकपी के बीच स्थित एक सुनसान इलाके से तीन एके राइफल, एक 9 एमएम पिस्तौल, चार मैगजीन, विभिन्न कैलिबर के 37 जीवित कारतूस तथा दो बाओफेंग वायरलेस हैंडसेट बरामद किए गए।
एक अन्य कार्रवाई में इंफाल हवाई अड्डे पर एयरपोर्ट पुलिस और सीआईएसएफ की संयुक्त जांच के दौरान इंफाल पूर्व जिले के हेरिश माईबाम (23) के सामान से लगभग 420 ग्राम संदिग्ध गांजा बरामद किया गया। आरोपित को मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।
इसी दिन सुरक्षा बलों ने इंफाल पूर्व जिले के पोरोमपट थाना क्षेत्र से प्रेपाक (प्रो) के सक्रिय कैडर भर्तीकर्ता वांगखेइराकपाम रोमियो मैतेई उर्फ बरुनी उर्फ कौब्रू (45) को गिरफ्तार किया। वहीं, थौबल जिले के नोंगपोक सेकमाई थाना क्षेत्र के याइरिपोक काकमयाई लामखाई से एनआरएफएम के सक्रिय कैडर आरके बोथोई उर्फ अमित उर्फ सिंथांगाम्बा (30) को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से एक .32 पिस्तौल, एक मैगजीन और तीन जीवित कारतूस भी बरामद किए गए।
सुरक्षा बलों ने बताया कि राज्य में उग्रवाद, अवैध हथियारों और मादक पदार्थों के नेटवर्क के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

