हाथीगांव थाना में दर्ज मामले में आठ आरोपित गिरफ्तार, दो पांच दिन की पुलिस रिमांड पर
गुवाहाटी, 20 अगस्त (हि.स.)। गुवाहाटी के हाथीगांव थाना कांड संख्या 172/2026 के तहत पुलिस ने आठ आरोपितों को गिरफ्तार कर कामरूप (मेट्रो) के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) की अदालत, गुवाहाटी में पेश किया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अख्तर हुसैन (28), नूर जमाल मियां (36), मनुवार अली (26), इमादुल चौधरी (23), मिरजान अली (27), मजीबुर रहमान (26), अजय अली (21) और मिराजुल अली (21) के रूप में हुई है। सभी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने मुख्य आरोपित मिराजुल अली और मजीबुर रहमान को पांच दिनों की पुलिस हिरासत में भेजने की मांग की है, जबकि अन्य आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजने का अनुरोध अदालत से किया गया। अदालत ने मुख्य दोनों आरोपितों को पुलिस रिमांड एवं अन्य को जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपितों पर सरकारी कर्मचारियों द्वारा आधिकारिक ड्यूटी के निर्वहन के दौरान उनके काम में बाधा डालने और कथित तौर पर उनके साथ मारपीट करने का आरोप है। इसके अलावा, पुलिसकर्मियों के जीवन और सुरक्षा के लिए तत्काल खतरा पैदा करने का भी आरोप लगाया गया है।
यह कार्रवाई जयश्री गोस्वामी महंत की शिकायत के आधार पर की जा रही जांच के दौरान हुई। शिकायत में हाथीगांव थाना क्षेत्र के बालिजान पथ, सुंदरबन इलाके में विवादित भूमि पर कथित अवैध आवासीय निर्माण और टिन की दीवार लगाए जाने का आरोप लगाया गया था।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

