सिलचर नगर निगम के लिए पहली बार मतदान, कल 316 केंद्रों पर होगी वोटिंग
-2.70 लाख से अधिक मतदाता करेंगे मतदान- 40 वार्डों में चुनाव में 1,212 मतदान कर्मी तैनात
कछार (असम), 02 अक्टूबर (हि.स.)। नगर पालिका से नगर निगम बनने के बाद सिलचर में पहली बार निकाय चुनाव होने जा रहा है। शनिवार को होने वाले मतदान के लिए शुक्रवार सुबह से ही मतदान कर्मी चुनाव सामग्री लेकर अपने-अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुए। सिलचर नगर निगम में कुल 2,70,772 मतदाता हैं। निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए 316 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
कुल 42 वार्डों वाले नगर निगम के 40 वार्डों में मतदान होगा, जबकि दो वार्डों में उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। मतदान सुबह 7:30 बजे से शाम चार बजे तक होगा। मतगणना छह अक्टूबर को की जाएगी।
मतदान कर्मियों ने इंटर-स्टेट बस टर्मिनस (आईएसबीटी) और इंटर-स्टेट ट्रक टर्मिनस (आईएसटीटी) से चुनाव सामग्री प्राप्त की। इन्हीं स्थानों पर चुनाव के लिए स्ट्रॉन्ग रूम भी बनाए गए हैं। चुनाव प्रक्रिया के लिए कुल 1,212 मतदान कर्मियों की तैनाती की गई है। इनमें 10 ऐसे मतदान केंद्र भी शामिल हैं, जिनका संचालन पूरी तरह महिला कर्मियों द्वारा किया जाएगा।
संवेदनशील केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा
शांतिपूर्ण मतदान के लिए मतदान केंद्रों को संवेदनशील और अति-संवेदनशील श्रेणियों में बांटा गया है। अति-संवेदनशील केंद्रों पर हथियारबंद पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। किसी भी अप्रिय स्थिति से तत्काल निपटने और मतदाताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम पूरे शहर में चौबीसों घंटे निगरानी रखेगी।
कछार के जिला मजिस्ट्रेट राहुल कुमार गुप्ता और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पार्थ प्रतिम दास ने मतदान से पहले चुनाव तैयारियों की जानकारी मीडिया को दी। शनिवार को सिलचर के मतदाता पहली बार नगर निगम के लिए अपने प्रतिनिधियों का चुनाव करेंगे।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

