भूमि विवाद को लेकर कोलियाबर के बरघुली में गोलीबारी, तीन लोग घायल
नगांव (असम), 10 नवंबर (हि.स.)। असम के नगांव जिले के कोलियाबर क्षेत्र के बरघुली में भूमि विवाद को लेकर हुई गोलीबारी में तीन लोग घायल हो गए।
आज प्राप्त जानकारी के अनुसार, भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद बढ़ने के बाद बीती रात गोलीबारी की घटना हुई, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। गोली लगने से घायल दो लोगों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और सनसनी का माहौल है। स्थानीय लोगों में घटना को लेकर दहशत व्याप्त है।
घायलों की पहचान रुस्तम अली, आतर अली और आब्दुल बारेक के रूप में की गयी है। पुलिस ने मौके से दो खाली कारतूस एवं दाओ आदि बरामद किया है। हालांकि, इस संबंध में किसी की भी गिरफ्तारी नहीं हुई है। पीड़ितों ने आरोप लगाया है कि भूमि विवाद के चलते दूसरे पक्ष ने बाहर से लोगों को बुलाकर उन पर हमला कराया।
इस बीच, सूचना मिलने पर सुलुंग पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से खाली कारतूस, एक दाव (धारदार हथियार) तथा लाठियां बरामद कीं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

