बाक्सा एवं तामुलपुर जिलों में आग लगने से व्यापक नुकसान
बाक्सा/तामुलपुर (असम), 12 नवंबर (हि.स.)। बाक्सा जिले के बागानपारा और तामुलपुर जिले के भारत-भूटान सीमावर्ती दरंगा बाजार में भयावह आग के चलते इलाके में अफरा-तफरी मच गयी। हादसे में भारी नुकसान की सूचना मिली है।
घटना के अनुसार बाक्सा के बागानपारा पुलिस चौकी के सामने आग की घटना घटी। आग में कई परिवारों के घर-द्वार और संपत्ति जलकर राख हो गए। आग लगने का कारणों पता नहीं चल पाया है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची अग्निशमन की टीम आग पर काबू पाने में सफल हुई। हादसे में कोई भी हताहत नहीं हुआ है। पुलिस नुकसान का आकलना करने में जुटी हुई है।
वहीं दूसरी ओर तामुलपुर जिले के भारत-भूटान सीमा पर स्थित दरंगा बाजार में बीती रात भयावह आग लगी। जानकारी के अनुसार, स्थानीय मेले बाजार में मुहम्मद अली नामक एक व्यवसायी के टूटे-फूटे गोदाम में यह आग लगी। आग की तीव्रता इतनी भयानक थी कि थोड़े ही समय में आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही घटना स्थल पर अग्निशमन दल की गाड़ियां पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग के कारण लाखों रुपये की संपत्ति राख होने का अंदेशा है। फिलहाल आग लगने के असली कारणों का पता नहीं चल पाया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

