असम के मोरीगांव में आधार केंद्र में लगी आग, उपकरण जलकर राख
मोरीगांव (असम), 19 अक्टूबर (हि.स.)। असम के मोरीगांव में सोमवार तड़के राजस्व चक्र अधिकारी के कार्यालय परिसर में स्थित आधार नामांकन केंद्र में आग लगने से वहां रखे उपकरण और अन्य सामग्री जलकर नष्ट हो गई। आग सोमवार तड़के करीब तीन बजे लगी।
घटना की सूचना मिलने के बाद अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा के कर्मी मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक केंद्र में व्यापक नुकसान हो चुका था। आग की चपेट में आने से आधार नामांकन में इस्तेमाल होने वाली मशीनों समेत अन्य आवश्यक सामग्री नष्ट हो गई।
आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि बिजली के शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी होगी, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में चिंता व्याप्त है। केंद्र के उपकरण नष्ट होने से इलाके में आधार नामांकन और इससे संबंधित सेवाएं प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

