मालीगांव पूसीरे अस्पताल में भयावह आग, बाल-बाल बचा इमरजेंसी वार्ड
गुवाहाटी, 23 जुलाई (हि.स.)। गुवाहाटी के मालीगांव स्थित पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) अस्पताल में गुरुवार को अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। अस्पताल के आपातकालीन विभाग में अचानक लगी आग से मरीजों, उनके परिजनों और अस्पताल कर्मचारियों के बीच दहशत का माहौल पैदा हो गया।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन शार्ट सर्किट को ही आग की संभावित वजह माना जा रहा है।
बताया जा रहा है कि जिस कमरे में आग लगी, ठीक उसी के बगल में कई मरीज उपचाराधीन थे। इसके चलते पलभर में ही इमरजेंसी वार्ड में भगदड़ और चिंताजनक स्थिति पैदा हो गई। हालांकि, अस्पताल प्रशासन की त्वरित कार्रवाई और तत्परता के चलते आग के फैलने से पहले ही उस पर पूरी तरह काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
सुरक्षा के एहतियाती तौर पर आग लगने के तुरंत बाद इमरजेंसी वार्ड की बिजली आपूर्ति पूरी तरह से काट दी गई। फिलहाल, संबंधित वार्ड में आवश्यक सुरक्षा उपाय लागू कर दिए गए हैं और अस्पताल प्रशासन स्थिति पर लगातार नज़र बनाए हुए है।
इस घटना के कारण अस्पताल की आपातकालीन सेवाएं कुछ समय के लिए बाधित जरूर हुईं, लेकिन स्थिति को जल्द सामान्य करने के लिए प्रशासन की ओर से आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। हादसे में किसी के हताहत नहीं हुआ है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देबजानी पतिकर

