पांडु बंदरगाह के लक्ज़री क्रूज में लगी भयावह आग
गुवाहाटी, 31 अगस्त (हि.स.)।
गुवाहाटी के पांडू बंदरगाह पर एक लग्जरी टूरिस्ट क्रूज में आज भयावह आग लगने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। सोमवार को पांडू बंदरगाह पर लंगर डालकर खड़े ‘एम वी महाबाहु’ नामक लग्जरी टूरिस्ट क्रूज में अचानक आग फैल गई। आग लगने के दौरान जहाज के अंदर मौजूद करीब 10 लोग बाल-बाल बच गए।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार ‘एम वी महाबाहु’ जहाज के निचले हिस्से में मरम्मत का काम चल रहा था। मरम्मत के काम के दौरान मजदूर वेल्डिंग कर रहे थे। उसी समय वेल्डिंग के काम से छिटककर निकली आग की चिंगारी पास में रखे थिनर के संपर्क में आ गई। ज्वलनशील पदार्थ के संपर्क में आते ही आग तेजी से फैल गई और जहाज के निचले हिस्से का एक बड़ा हिस्सा आग की चपेट में आ गया।
अचानक आग फैलने से जहाज के अंदर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। आग लगने के समय जहाज पर करीब 10 लोग मौजूद थे। स्थिति काफी खतरनाक हो जाने के बावजूद सौभाग्य से हर कोई समय रहते जहाज से बाहर निकलने में सफल रहा। नतीजतन, इस घटना में अभी तक किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।
आग लगने की खबर मिलते ही पांडू दमकल विभाग की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। दमकलकर्मियों ने तत्परता के साथ आग बुझाने का काम शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देबजानी पतिकर

