कामाख्या के नर्सरी इलाके में लगी भयावह आग, बाल-बाल बचा पूरा इलाका
गुवाहाटी, 11 सितंबर (हि.स.)।
गुवाहाटी के कामाख्या अंतर्गत नर्सरी इलाके में शुक्रवार को एक बहुमंजिला इमारत में अचानक आग लग गई। इस घटना को लेकर पूरे इलाके में भारी अफ़रा-तफ़री मच गयी। ज्ञात हो कि उस इमारत में एक होटल सहित कई व्यावसायिक प्रतिष्ठान स्थित हैं। इनमें एक वित्तीय संस्थान का कार्यालय और चार पहिया वाहनों का एक डीलर भी शामिल है।
अचानक इमारत के अंदर से आग लगने के बाद काला धुआं तेजी से फैल गया। उस समय इमारत के अंदर कई लोगों के फंसे होने के कारण स्थिति और अधिक चिंताजनक हो गई। आग लगने की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।
खबर मिलते ही दमकल विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने के लिए कुल चार दमकल गाड़ियों को मौके पर तैनात किया गया। काफी मशक्कत के बाद आखिरकार दमकल कर्मियों ने आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया।
इस हादसे में एक व्यक्ति के गंभीर रूप से घायल होने की खबर है। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, बताया जा रहा है कि इमारत के अंदर फंसे अन्य लोग फिलहाल सुरक्षित हैं।
अंतिम सूचना मिलने तक आग लगने के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है। हालांकि, शुरुआती तौर पर यह संदेह जताया जा रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देबजानी पतिकर

