home page

मिसिंग स्वायत्त परिषद की 40 सीटों के लिए अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित

 | 
मिसिंग स्वायत्त परिषद की 40 सीटों के लिए अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित


गुवाहाटी, 12 सितंबर (हि.स.)। मिसिंग स्वायत्त परिषद (एमएसी) की सभी 40 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए अंतिम फोटो मतदाता सूची शनिवार को प्रकाशित कर दी गई। अंतिम मतदाता सूची में कुल 6,35,601 मतदाता शामिल हैं। इनमें 3,17,343 पुरुष, 3,18,256 महिला और ‘अन्य’ श्रेणी के दो मतदाता हैं। इन 40 निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 1,033 मतदान केंद्र शामिल किए गए हैं।

अंतिम मतदाता सूची परिषद निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन के बाद तैयार की गई है। यह परिसीमन असम सरकार के जनजातीय मामलों (मैदानी) विभाग द्वारा जारी विभिन्न अधिसूचनाओं के अनुरूप किया गया है।

फोटो रहित निर्वाचन क्षेत्रवार अंतिम मतदाता सूची संबंधित अंचल अधिकारी और प्रखंड विकास अधिकारी के कार्यालयों में मतदाताओं एवं आम लोगों के निरीक्षण के लिए उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों के नगरपालिका, नगर समिति, उप-पंजीयक कार्यालय, पुलिस थाने, चाय बागान और ग्राम पंचायत कार्यालयों में भी सूची उपलब्ध होगी।

मतदाता अंतिम सूची को ऑनलाइन भी देख सकते हैं। इसके लिए ओईआरएमएस पोर्टल और संबंधित जिला प्रशासन की वेबसाइटों का उपयोग किया जा सकता है। मतदाता भारतीय निर्वाचन आयोग द्वारा जारी अपने ईपीआईसी नंबर के माध्यम से नाम की जांच कर सकते हैं। वे ओईआरएमएस पोर्टल के सिटीजन कॉर्नर से अपने मतदान केंद्र से संबंधित अंतिम मतदाता सूची भी डाउनलोड कर सकते हैं।

निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक समावेशी बनाने के उद्देश्य से आयोग ने नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि तक मिसिंग स्वायत्त परिषद की मतदाता सूची में नाम शामिल करने संबंधी दावे स्वीकार करने का निर्णय लिया है। यह सुविधा उन पात्र लोगों के लिए होगी, जो 1 अप्रैल, 1 जुलाई या 1 अक्टूबर 2026 की संदर्भ तिथि के आधार पर मतदाता बनने के पात्र हैं, बशर्ते उनका नाम वर्तमान संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत निर्वाचन आयोग द्वारा प्रकाशित पूरक मतदाता सूची में शामिल हो और उनके पास वैध ईपीआईसी हो।

आयोग ने सभी पात्र मतदाताओं से अंतिम मतदाता सूची में अपना नाम सत्यापित करने और आगामी मिसिंग स्वायत्त परिषद चुनाव में व्यापक एवं सही लोकतांत्रिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश