इटानगर में होगी फीफा वर्ल्ड कप फाइनल की लाइव स्क्रीनिंग, मुख्यमंत्री ने किया आमंत्रित
इटानगर, 16 जुलाई (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने फुटबॉल के शौकीनों को 20 जुलाई की सुबह इटानगर के आईजी पार्क में स्पेन और अर्जेंटीना के बीच होने वाले फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मैच की लाइव पब्लिक स्क्रीनिंग में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है।
गुरुवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में मुख्यमंत्री खांडू ने फुटबॉल प्रेमियों से इस फ्री स्क्रीनिंग में शामिल होने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं सभी फुटबॉल प्रेमियों, परिवारों और दोस्तों को फीफा वर्ल्ड कप फाइनल 2026 की लाइव स्क्रीनिंग के लिए सीएम फैन पार्क में मेरे साथ शामिल होने के लिए दिल से आमंत्रित करता हूं।
इस दौरान कई तरह की गतिविधियां भी होंगी, जिनमें 'अरुणाचल आइडल', 'अरुणाचल गॉट टैलेंट', 'सुपर डांसर', 'मिस्टर अरुणाचल' और 'मिस अरुणाचल' के विजेताओं की लाइव परफॉर्मेंस शामिल हैं। स्पेन और अर्जेंटीना के बीच फीफा वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मैच न्यूयॉर्क शहर के पास न्यू जर्सी के स्टेडियम में खेला जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

