'मुख्यमंत्री से मेरी विनती है कि मेरे बेटे की मौत के साथ ही लव जिहाद समाप्त हों..'
नलबाड़ी (असम), 02 जून (हि.स.)। नलबाड़ी में घटित चर्चित लव जिहाद की घटना में जान गंवाने वाले माधुर्य बर्मन के पिता ने मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा से भावुक अपील करते हुए कहा है कि उनके बेटे की मौत के साथ ही राज्य में लव जिहाद की घटनाओं का अंत होना चाहिए।
शोकाकुल पिता ने प्रशासन से अनुरोध किया कि ऐसे मामलों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का अभियान लगातार जारी रखा जाए। उन्होंने कहा कि युवाओं की सुरक्षा और समाज में शांति बनाए रखने के लिए दोषियों के विरुद्ध कठोर कदम उठाना आवश्यक है।
माधुर्य बर्मन के पिता ने मामले में त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस और प्रशासन का आभार भी व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि न्याय सुनिश्चित किया जाएगा और भविष्य में किसी अन्य परिवार को ऐसी पीड़ा नहीं झेलनी पड़ेगी।
उन्होंने मुख्यमंत्री और प्रशासन से आग्रह किया कि इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कठोर कदम उठाए जाएं तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखी जाए।
उल्लेखनीय है कि रोज अली नामक युवक ने 30-31 भी की दरम्यानी रात को 19 वर्ष के माधुर्य और उसकी 17 वर्षीय बहन पर हमला कर दोनों को गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घटनास्थल पर ही माधुर्य की मौत हो गई, युवती का इलाज जारी है। वहीं, बाद में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रोज अली को पकड़ने की कोशिश की, इसी दौरान हुई मुठभेड़ में आरोपित रोज अली ढ़ेर हो गया।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

