दामाद ने ती ससुर की चाकू से गोदकर हत्या, बरपेटा रोड में सनसनी
बरपेटा (असम), 27 जुलाई (हि.स.)। असम के बरपेटा रोड के समीप बिलासीपारा पथार इलाके में सोमवार तड़के एक सनसनीखेज हत्या की घटना सामने आई। पारिवारिक विवाद के दौरान कथित रूप से नशे की हालत में पहुंचे एक व्यक्ति ने अपने ससुर की धारदार चाकू से गोदकर हत्या कर दी।
जानकारी के अनुसार, आरोपित जहर अली सोमवार तड़के शराब के नशे में अपने ससुर कासेम अली के घर पहुंचा। वहां उसने हंगामा शुरू कर दिया। विरोध करने पर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद आरोपित ने धारदार हथियार से हमला कर कासेम अली की हत्या कर दी।
घटना के बाद आरोपित मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन परिजनों के शोर मचाने पर स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया और बरपेटा रोड पुलिस के हवाले कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा आरोपित को गिरफ्तार कर थाने ले गई। मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने का काम शुरू कर दिया।
इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोपित के खिलाफ कड़ी से कड़ी सजा की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

