डिफू में जिला उद्योग एवं वाणिज्य कार्यालय के पास भीषण अग्निकांड
| Sep 18, 2026, 19:44 IST
कार्बी आंगलोंग (असम), 18 सितंबर (हि.स.)। असम के कार्बी आंगलोंग जिला मुख्यालय शहर डिफू में जिला उद्योग एवं वाणिज्य (डीआईसी) कार्यालय के समीप शुक्रवार को भीषण अग्निकांड की घटना सामने आई। आग की लपटों ने आसपास के इलाके को अपनी चपेट में ले लिया।
अग्निकांड के दौरान कई गैस सिलेंडरों में विस्फोट होने की सूचना है, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी भयावह थी कि आसपास के कई आवासीय घर पूरी तरह जलकर राख हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल एवं आपातकालीन सेवाओं की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। आग लगने के कारणों तथा इस घटना में हुए कुल नुकसान का तत्काल पता नहीं चल पाया है। अधिकारियों द्वारा स्थिति का जायजा लिया जा रहा है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

