बंगाईगांव में फर्जी सरकारी अधिकारी बनकर ठगी करने वाले दो गिरफ्तार
बंगाईगांव (असम), 23 जुलाई (हि.स.)। असम के बंगाईगांव जिले में पुलिस ने स्वयं को सरकारी अधिकारी बताकर लोगों से ठगी करने वाले दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
बंगाईगांव पुलिस ने आज बताया है कि गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बलराम चौधरी और बलदेव सिंह के रूप में हुई है। दोनों स्वयं को भारत सरकार के अधीन कथित अपराध अनुसंधान विभाग (क्राइम इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट) का सहायक प्रबंधक और राज्य निदेशक बताकर फर्जी पहचान के जरिए लोगों को झांसे में लेते थे। आरोप है कि उन्होंने कोकिला क्षेत्र के कुछ दूध वितरकों को कानूनी कार्रवाई का भय दिखाकर धन उगाही का प्रयास किया।
पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर दोनों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से फर्जी पहचान पत्र, मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड तथा दो लग्जरी वाहन बरामद किए गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि आरोपितों का नेटवर्क अन्य राज्यों या क्षेत्रों तक फैला हुआ है या नहीं।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

