home page

गुवाहाटी में नकली नोट बरामदगी पर बोले अजमल, फर्जी करेंसी का कारोबार ड्रग्स से भी बड़ा खतरा

 | 
गुवाहाटी में नकली नोट बरामदगी पर बोले अजमल, फर्जी करेंसी का कारोबार ड्रग्स से भी बड़ा खतरा


गुवाहाटी, 09 जुलाई (हि.स.)। एआईयूडीएफ अध्यक्ष एवं विधायक मौलाना बदरुद्दीन अजमल ने गुरुवार को नकली नोटों के कारोबार को नशीले पदार्थों की तस्करी से भी बड़ा खतरा बताते हुए राज्य सरकार पर इसे रोकने में पूरी तरह विफल रहने का आरोप लगाया। उन्होंने फर्जी करेंसी और ड्रग्स के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, यहां तक कि पुलिस मुठभेड़ की भी मांग की। असम विधानसभा अधिवेशन के दौरान आज नकली नोटों की बरामदगी पर हुई चर्चा में अजमल भाग ले रहे थे।

गुवाहाटी में बड़ी मात्रा में नकली नोट बरामद होने की घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त हुए अजमल ने सवाल उठाया कि आखिर ये नकली नोट कहां से आ रहे हैं और इन्हें बाजार में कौन चला रहा है। उन्होंने कहा कि यह सरकार की 100 प्रतिशत विफलता का प्रमाण है।

अजमल ने कहा कि ड्रग्स और नकली नोटों के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सबसे सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उनका दावा था कि यदि ऐसे अपराधियों के खिलाफ मुठभेड़ जैसी कठोर कार्रवाई की जाए तो इस तरह की आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है।

वहीं, इसका उत्तर देते हुए असम सरकार के मंत्री बिस्वजीत दैमारी ने कहा कि नकली नोटों की समस्या केवल असम तक सीमित नहीं है, बल्कि अन्य राज्यों में भी सामने आ रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि किसी गिरोह या संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। उन्होंने पुलिस की मदद करने वाले नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए भरोसा दिलाया कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

एक अलग विषय पर दैमारी ने कहा कि 'एडवांटेज असम' पहल के तहत राज्य में निवेश लगातार बढ़ रहा है और औद्योगिक विकास को गति मिल रही है।

इसी बीच चर्चा में भाग लेते हुए भाजपा विधायक मानव डेका ने आरोप लगाया कि उनके निर्वाचन क्षेत्र के बंगालमारा में प्रिंटिंग मशीनों की मदद से नकली नोट छापे जा रहे हैं और उन्हें असली नोटों के रूप में बाजार में चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो दिन पहले इस मामले में नौ लोगों को गिरफ्तार किया है।

उल्लेखनीय है कि गुवाहाटी में हाल ही में बड़ी मात्रा में नकली नोट बरामद होने के बाद पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश