बंगाईगांव में फर्जी सीआईएससीई प्रमाणपत्रों का मामला उजागर, शिक्षा विभाग पर उठे सवाल
बंगाईगांव (असम), 17 नवंबर (हि.स.)। असम के बंगाईगांव जिले में फर्जी शैक्षणिक प्रमाणपत्रों का मामला सामने आने से शिक्षा जगत में हलचल मच गई है। आरोप है कि काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (सीआईएससीई) के नाम पर जारी फर्जी प्रमाणपत्रों के आधार पर विद्यार्थियों ने विभिन्न शिक्षण संस्थानों में दाखिला लिया है।
इस कथित फर्जीवाड़े ने जिले की शिक्षा व्यवस्था और प्रमाणपत्रों के सत्यापन की प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि जिले में शैक्षणिक योग्यता से जुड़े प्रमाणपत्रों का अवैध कारोबार खुलेआम चल रहा है।
मामले के सामने आने के बाद बंगाईगांव जिला शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली भी सवालों के घेरे में आ गई है। फर्जी प्रमाणपत्रों के आधार पर दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों की संख्या, संबंधित शिक्षण संस्थानों और इस पूरे नेटवर्क में शामिल लोगों के बारे में विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रमाणपत्रों की प्रामाणिकता और दाखिला प्रक्रिया में अपनाई गई सत्यापन व्यवस्था की जांच की आवश्यकता महसूस की जा रही है। इस कथित फर्जीवाड़े को लेकर जिले में चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, इस मामले में किसी की भी गिरफ्तारी नहीं हुई है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

