home page

सेनापति में फर्जी सैन्य अधिकारी बनकर नशा तस्करी, 15 किलो से अधिक अफीम बरामद

 | 
सेनापति में फर्जी सैन्य अधिकारी बनकर नशा तस्करी, 15 किलो से अधिक अफीम बरामद


इंफाल, 14 जून (हि.स.)। मणिपुर के सेनापति जिले में सुरक्षा बलों ने संयुक्त अभियान चलाकर एक कथित नशा तस्करी गिरोह के प्रयास को विफल कर दिया। इस दौरान सेना के वरिष्ठ अधिकारी की गाड़ी जैसा स्वरूप देकर चलाए जा रहे एक वाहन से 15.35 किलोग्राम संदिग्ध अफीम बरामद की गई और चालक को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार, टी. खुल्लेन चेक पोस्ट पर नियमित तलाशी अभियान के दौरान सेनापति पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन टीम (एसओटी), सीआरपीएफ और असम राइफल्स के जवानों ने एक टोयोटा इनोवा वाहन को जांच के लिए रोका। वाहन पर वीआईपी फ्लैग पोस्ट और सेना के वरिष्ठ अधिकारी से जुड़े प्रतीक चिह्न लगे हुए थे, जिससे सुरक्षा बलों को संदेह हुआ।

वाहन चला रहे व्यक्ति की पहचान असम के तिनसुकिया जिले के मार्घेरिटा क्षेत्र स्थित हिजुगुरी गांव निवासी 45 वर्षीय तारकेश्वर सिंह के रूप में की गई। जांच के दौरान वाहन पर ब्रिगेडियर रैंक का एक स्टार चिन्ह तथा “आर्मी” और “मिनिस्ट्री आप डिफेंस” लिखी नेम प्लेट लगी मिली।

सत्यापन में यह स्पष्ट हुआ कि न तो चालक और न ही वाहन का भारतीय सेना से कोई संबंध है। पुलिस का मानना है कि सुरक्षा जांच से बचने और संदेह से दूर रहने के लिए इन प्रतीकों का इस्तेमाल किया जा रहा था।

वाहन की गहन तलाशी लेने पर पीछे के दाहिने दरवाजे के नीचे विशेष रूप से बनाए गए गुप्त खांचे से संदिग्ध अफीम के 17 पैकेट बरामद किए गए। बरामद मादक पदार्थ का कुल वजन पैकेजिंग सहित लगभग 15.35 किलोग्राम पाया गया।

कार्यपालक दंडाधिकारी की मौजूदगी में आरोपित को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने वाहन के अलावा दो मोबाइल फोन, 5,000 रुपये नकद, एक पैन कार्ड और मतदाता पहचान पत्र भी जब्त किया है।

इस संबंध में सेनापति थाना में एनडीपीएस अधिनियम तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब बरामद मादक पदार्थ के स्रोत, गंतव्य और संभावित तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जांच आगे बढ़ा रही है।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश