home page

अंबुबासी मेले की तैयारियां पूरी, पहुंचे लाखों श्रद्धालु; व्यापक यातायात प्रतिबंध लागू

 | 
अंबुबासी मेले की तैयारियां पूरी, पहुंचे लाखों श्रद्धालु; व्यापक यातायात प्रतिबंध लागू


गुवाहाटी, 21 जून (हि.स.)। मां कामाख्या धाम में 22 से 26 जून तक आयोजित होने वाले अंबुबासी मेला को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली है। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के निर्देश पर मुख्य सचिव डॉ. रवि कोटा ने सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण, स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता, बिजली आपूर्ति और आपदा प्रबंधन सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

इसी बीच बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्त एवं तंत्र के साधक कामाख्या पहुंच चुके हैं। भक्तों के ठहरने के लिए व्यापक इंतजाम प्रशासन द्वारा किए गए हैं। गुवाहाटी के जिला आयुक्त ने बताया कि इस साल अंबुबासी मेले में आठ लाख से अधिक भक्तों के पहुंचने का अनुमान है। इतनी बड़ी भीड़ के समावेश एवं नियंत्रण के लिए विभिन्न स्तर पर इंतजाम किए गए हैं।

राज्य के मुख्य सचिव द्वारा की गई समीक्षा बैठक में सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से शेष कार्य पूरा करने तथा श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित, सुचारु और सुविधाजनक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने अंतर-विभागीय समन्वय को भी मजबूत करने पर जोर दिया है।

इस बीच, गुवाहाटी यातायात पुलिस ने 22 से 26 जून तक व्यापक यातायात प्रतिबंध लागू करने की घोषणा की है। नीलाचल पहाड़ स्थित मां कामाख्या मंदिर की ओर निजी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी, जबकि आपातकालीन सेवाओं और विशेष अनुमति प्राप्त वाहनों को छूट दी गई है। श्रद्धालुओं के लिए विशेष ड्रॉपिंग प्वाइंट और पार्किंग स्थलों की व्यवस्था की गई है।

मेला अवधि के दौरान कई प्रमुख मार्गों पर भारी और वाणिज्यिक वाहनों के आवागमन तथा सड़क किनारे पार्किंग पर भी प्रतिबंध रहेगा। प्रशासन ने श्रद्धालुओं और आम नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने तथा यात्रा की पूर्व योजना बनाने की अपील की है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश