home page

मठघरिया सड़क हादसे पर बड़ा खुलासा: 19 हजार के शराब का बिल, पूरी रात बार में थी पार्टी

 | 
मठघरिया सड़क हादसे पर बड़ा खुलासा: 19 हजार के शराब का बिल, पूरी रात बार में थी पार्टी


गुवाहाटी, 28 अप्रैल (हि.स.)। गुवाहाटी के मठघरिया में हुए भीषण सड़क हादसे को लेकर पुलिस ने चौंकाने वाले तथ्य सामने रखे हैं। डीसीपी जयंत सारथी बोरा ने आज संवाददाता सम्मेलन में बताया कि हादसे से पहले आरोपित समीम और तीनों युवतियां पूरी रात बार में शराब का सेवन कर रहे थे।

उल्लेखनीय है कि रविवार की तड़के हादसे के बाद ड्राइवर समीम फरार हो गया था। वह लगातार अपना लोकेशन बदल रहा था। बीते सोमवार की रात पुलिस ने समीम को डिब्रूगढ़ से गिरफ्तार कर आज सुबह गुवाहाटी लेकर पहुंची हैं, जहां पर उससे पूछताछ जारी है। सूत्रों का कहना है कि यह सड़क हादसा सामान्य नहीं है। इसके पीछे कई गहरे राज छिपे हुए हैं। पुलिस इसकी गहराई से जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, सभी लोग रात 11 बजे से लेकर रविवार की तड़के 3 बजे तक रुद्राक्ष मॉल स्थित एक बार में मौजूद थे, जहां उनका कुल बिल करीब 19 हजार रुपये बना। इसके बाद वे वाहन लेकर शहर की सड़कों पर तेज रफ्तार में घूमने लगे।

जानकारी के मुताबिक, तड़के 3 बजे के बाद वाहन करीब 135 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गुवाहाटी के विभिन्न इलाकों में दौड़ रहा था। अंततः सुबह 4 बजकर 2 मिनट पर मठघरिया में वाहन की गति करीब 96 किलोमीटर प्रति घंटे थी, तभी उसने एक ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी।

इस हादसे में तीनों लड़कियों की जानें चली गई थीं, जिससे पूरे शहर में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश