तीन युवतियों की मौत का मामला: गुवाहाटी के रुद्राक्ष मॉल के एक्सोरो बार का लाइसेंस रद्द
गुवाहाटी, 30 अप्रैल (हि.स.)। गुवाहाटी के रुद्राक्ष मॉल स्थित एक्सोरो बार का लाइसेंस प्रशासन द्वारा रद्द कर दिया गया है। यह कार्रवाई मठघरिया में हुई सड़क दुर्घटना के बाद सामने आई गंभीर अनियमितताओं के चलते की गई है।
जानकारी के अनुसार, मठघरिया हादसे के बाद जांच के दौरान एक्सोरो बार से जुड़े कई तथ्य उजागर हुए। पता चला कि बार निर्धारित समय सीमा का उल्लंघन करते हुए रात 3 बजे तक इसे संचालित किया जा रहा था।
प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई की और बार का लाइसेंस रद्द कर दिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले अन्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि एक्सोरो बार में रात्रि के 3 बजे तक शराब पीने के बाद तीनों युवतियों को लेकर 135 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलाई जा रही गाड़ी मठघरिया में दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। इस दुर्घटना में तीनों युवतियों की मौत हो गई थी। अगरतला का कथित निवासी गाड़ी चालक समीम अहमद गाड़ी छोड़कर फरार हो चुका था, जिसकी गिरफ्तारी मंगलवार को डिब्रूगढ़ जिले से हुई। पूरे घटनाक्रम की जांच करते हुए पुलिस ने सीसीटीवी का फुटेज खंगाला, जिसके आधार पर सारी असलियत सामने आई। गिरफ्तार चालक से पुलिस हिरासत में पूछताछ जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

