home page

असम के मार्घेरिटा में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, शराब जब्त, 400 लीटर किण्वित वॉश नष्ट

 | 
असम के मार्घेरिटा में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, शराब जब्त, 400 लीटर किण्वित वॉश नष्ट


तिनसुकिया (असम), 09 जुलाई (हि.स.)। असम के मार्घेरिटा में आबकारी विभाग ने व्यापक अभियान चलाकर अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। यह अभियान तिनसुकिया जिला सड़क सुरक्षा समिति के निर्देश पर नामदांग टी एस्टेट क्षेत्र तथा राष्ट्रीय राजमार्ग-315 पर लिडू से जागुन तक स्थित ढाबों और भोजनालयों में चलाया गया।

अभियान के दौरान आबकारी विभाग ने चार मामले दर्ज किए। कार्रवाई में 0.75 बल्क लीटर भारतीय निर्मित विदेशी शराब (आईएमएफएल) और 24.5 बल्क लीटर बीयर जब्त की गई, जो असम में बिक्री के लिए रखी गई थी।

टीम ने नामदांग टी एस्टेट के भीतर छिपाकर रखे गए 400 लीटर किण्वित वॉश (शराब बनाने के लिए तैयार मिश्रण) भी बरामद किया, जिसे गवाहों की मौजूदगी में मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

आबकारी विभाग ने असम आबकारी अधिनियम की धारा 53(1)(a) के तहत मामले दर्ज किए हैं, जबकि भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 35(3) के तहत तीन व्यक्तियों को नोटिस जारी किया गया है।

अधिकारियों के अनुसार, यह अभियान अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर अंकुश लगाने तथा राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे स्थित प्रतिष्ठानों में नियमों के पालन और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश