असम के लुटुमारी आरक्षित वन में फिर शुरू हुआ बेदखली अभियान, 600 परिवारों का होगा विस्थापन
गुवाहाटी, 18 अक्टूबर (हि.स.)। असम के नगांव जिले में स्थित लुटुमारी आरक्षित वन क्षेत्र में रविवार को एक बार फिर बेदखली अभियान शुरू किया गया। इस कार्रवाई के तहत वन भूमि के 314 हेक्टेयर क्षेत्र में कथित रूप से अतिक्रमण कर रह रहे लगभग 600 परिवारों को हटाया जा रहा है।
कामपुर क्षेत्रीय वन प्रभाग के अंतर्गत चलाए जा रहे इस अभियान के लिए वन विभाग और जिला प्रशासन ने सुबह से ही तैयारियां शुरू कर दी थीं। अभियान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।
यह कार्रवाई लोंगजाप पदुमोनी, माटीखोला, खेरोनी, शंखोला और कंदापारा क्षेत्रों में की जा रही है। इन स्थानों पर आरक्षित वन भूमि में रह रहे परिवारों को बेदखली का सामना करना पड़ रहा है।
इससे पहले शनिवार को इसी क्षेत्रीय वन प्रभाग के अंतर्गत बरपानी वन क्षेत्र में अभियान चलाकर 336 परिवारों को बेदखल किया गया था।
लुटुमारी वन क्षेत्र में पहले भी बड़े पैमाने पर बेदखली अभियान चलाए जा चुके हैं। 29 नवंबर, 2025 को लुटुमारी वन परिक्षेत्र के अंतर्गत बेदेरीपार, जादुपुर, आमदुबी और लोंगजाप खेरोनी में लगभग 1,700 परिवारों के खिलाफ बेदखली अभियान चलाया गया था।
प्रशासन का कहना है कि आरक्षित वन भूमि को कथित अतिक्रमण से मुक्त कराने के प्रयासों के तहत यह कार्रवाई की जा रही है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

