home page

जालुकबाड़ी में रेलवे की जमीन खाली कराने के लिए चला अतिक्रमण हटाओ अभियान

 | 
जालुकबाड़ी में रेलवे की जमीन खाली कराने के लिए चला अतिक्रमण हटाओ अभियान


गुवाहाटी, 29 मई (हि.स.)। राजधानी गुवाहाटी में एक बार फिर आज बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया गया है। इस बार जालुकबाड़ी इलाके में रेलवे विभाग की जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ राज्य सरकार और जिला प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की। शुक्रवार से जालुकबाड़ी के विस्तृत इलाके में चलाए गए इस अभियान को लेकर व्यापक हलचल देखी गई।

जानकारी के अनुसार, लंबे समय से कुछ अज्ञात लोगों ने रेलवे विभाग की मूल्यवान जमीन पर कब्जा कर अस्थायी झोपड़ियां और बस्तियां बना ली थीं। आखिरकार इन अवैध कब्जों को हटाने के लिए रेलवे विभाग और जिला प्रशासन ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया। इस दौरान कई बुलडोजरों का इस्तेमाल किया गया। प्रशासन की ओर से बताया गया कि करीब दो सौ से अधिक अवैध मकानों और झोपड़ियों को हटाया गया है।

अभियान के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पूरे इलाके में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई। गुवाहाटी पुलिस सेंट्रल रिज़र्व पुलिस फोर्स, तथा आरपीएफ के बड़ी संख्या में जवान तैनात किए गए। सुरक्षा बलों की कड़ी निगरानी के बीच शांतिपूर्ण तरीके से अभियान को अंजाम दिया गया।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, नई रेलवे लाइन और एक नए रेलवे पुल के निर्माण के उद्देश्य से इस जमीन को खाली कराया जा रहा है। रेलवे विभाग ने कहा कि भविष्य में रेल संपर्क व्यवस्था को मजबूत करने के लिए यह परियोजना बेहद महत्वपूर्ण है।

प्रशासन की ओर से यह भी बताया गया कि शाम तक यह उच्छेद अभियान जारी रहा। मौके पर मौजूद डीसीपी और आरपीएफ के अधिकारियों ने भी अभियान का नेतृत्व किया। जालुकबाड़ी में चल रहे इस बड़े अतिक्रमण हटाओ अभियान को लेकर पूरे इलाके में चर्चा और हलचल का माहौल बना हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / देबजानी पतिकर