home page

कोकराझार मेडिकल कॉलेज में आपातकालीन निकासी को लेकर मॉक ड्रिल आयोजित

 | 
कोकराझार मेडिकल कॉलेज में आपातकालीन निकासी को लेकर मॉक ड्रिल आयोजित


कोकराझार मेडिकल कॉलेज में आपातकालीन निकासी को लेकर मॉक ड्रिल आयोजित


कोकराझार (असम), 24 सितम्बर (हि.स.)। आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को मजबूत करने तथा अग्नि सुरक्षा एवं सुरक्षित निकासी प्रक्रिया के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से गुरुवार को कोकराझार मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (केएमसीएच) में निकासी मॉक ड्रिल सह जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभ्यास में अस्पताल के कर्मचारियों सहित करीब 100 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम में केएमसीएच के वाइस प्रिंसिपल, डिप्टी सुपरिंटेंडेंट, डीडीएमए के डीपीओ एवं एफओ, फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज के सब-ऑफिसर, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ तथा अस्पताल के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य आपातकालीन निकासी प्रक्रिया का व्यावहारिक अभ्यास कराना, संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा आगजनी एवं अन्य आपात परिस्थितियों में बरती जाने वाली सावधानियों के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

इस दौरान प्रतिभागियों को अग्निशमन उपकरणों के उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण एवं प्रदर्शन भी कराया गया। साथ ही, आग लगने अथवा किसी अन्य आपात स्थिति के दौरान तत्काल उठाए जाने वाले आवश्यक कदमों और सुरक्षित निकासी की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई।

आयोजकों के अनुसार, इस अभ्यास से अस्पताल के कर्मचारियों एवं अन्य संबंधित हितधारकों को आपातकालीन प्रतिक्रिया, निकासी प्रक्रिया तथा अग्नि सुरक्षा उपायों का व्यावहारिक अनुभव मिला, जिससे अस्पताल की समग्र आपदा एवं आपातकालीन तैयारी को और मजबूत करने में मदद मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा