home page

बाढ़ प्रभावित ऊपरी असम में 24 जुलाई तक इमरजेंसी मोबाइल रोमिंग सुविधा लागू

 | 
बाढ़ प्रभावित ऊपरी असम में 24 जुलाई तक इमरजेंसी मोबाइल रोमिंग सुविधा लागू


गुवाहाटी, 22 जुलाई (हि.स.)। बाढ़ प्रभावित ऊपरी असम के लोगों को निर्बाध संचार सुविधा उपलब्ध कराने के लिए केंद्र सरकार ने विशेष आपातकालीन दूरसंचार व्यवस्था लागू की है। इसके तहत शिवसागर, चराईदेव और जोरहाट जिलों में इंट्रा-सर्किल रोमिंग (आईसीआर) सुविधा 24 जुलाई, 2026 तक के लिए सक्रिय कर दी गई है।

दूरसंचार विभाग (डीओटी) द्वारा शुरू की गई इस व्यवस्था के तहत यदि किसी क्षेत्र में किसी उपभोक्ता के मोबाइल सेवा प्रदाता का नेटवर्क उपलब्ध नहीं है, तो वह वहां मौजूद किसी अन्य दूरसंचार कंपनी के नेटवर्क का उपयोग कर सकेगा। बाढ़ के कारण दूरसंचार ढांचे को हुए नुकसान के बीच इस पहल से संचार सेवाएं बाधित होने की संभावना कम होगी।

असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) ने प्रभावित जिलों के लोगों से आवश्यकता पड़ने पर इस सुविधा का उपयोग करने की अपील की है। प्राधिकरण ने कहा कि आपदा के समय निर्बाध संचार बचाव एवं राहत कार्यों के बेहतर समन्वय तथा लोगों तक समय पर आवश्यक जानकारी पहुंचाने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।

एएसडीएमए ने सहायता के लिए राज्य नियंत्रण कक्ष के नंबर 0361-2237219 और 9401044617 जारी किए हैं। इसके अलावा टोल-फ्री हेल्पलाइन 1070, 1079 और 112 तथा जिला नियंत्रण कक्ष के नंबर 1077 और 112 भी आपातकालीन सहायता के लिए सक्रिय हैं।

अधिकारियों का कहना है कि इस अस्थायी व्यवस्था से बाढ़ प्रभावित हजारों लोगों को संचार संबंधी समस्याओं से राहत मिलेगी और राहत एवं बचाव कार्यों में बेहतर समन्वय सुनिश्चित होगा।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश