home page

असम के नलबाड़ी में एनएच-27 पर विकसित हो रहा इमरजेंसी लैंडिंग स्ट्रिप

 | 
असम के नलबाड़ी में एनएच-27 पर विकसित हो रहा इमरजेंसी लैंडिंग स्ट्रिप


नलबाड़ी (असम), 20 मई (हि.स.)। असम के नलबाड़ी जिले में टिहू और मधोपुर के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग 27 के लगभग पांच किलोमीटर लंबे हिस्से को इमरजेंसी लैंडिंग फैसिलिटी (ईएलएफ) के रूप में विकसित किया जा रहा है। भारतीय वायु सेना के समन्वय से तैयार की जा रही यह विशेष सुविधा युद्धकाल, प्राकृतिक आपदा और अन्य आपात परिस्थितियों में सैन्य तथा नागरिक विमानों की लैंडिंग के लिए उपयोगी होगी।

सूत्रों के अनुसार, इस विशेष हाईवे स्ट्रिप का निर्माण भारतीय वायुसेना के मानकों के अनुरूप किया जा रहा है। इसके तहत भारी क्षमता वाले कंक्रीट ढांचे और आपातकालीन विमान संचालन के लिए आवश्यक बुनियादी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर इसे वैकल्पिक रनवे के रूप में इस्तेमाल किया जा सके।

यह परियोजना केंद्र सरकार की उस व्यापक रणनीति का हिस्सा है, जिसके तहत देशभर में चयनित राष्ट्रीय राजमार्गों को दोहरे उपयोग वाली आधारभूत संरचना के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य संवेदनशील पूर्वोत्तर क्षेत्र में त्वरित सैन्य तैनाती, आपदा राहत कार्यों और रणनीतिक तैयारी को और मजबूत बनाना है।

अधिकारियों का मानना है कि यह इमरजेंसी लैंडिंग सुविधा भविष्य में मानवतावादी सहायता और आपदा राहत अभियानों को अधिक प्रभावी बनाएगी। साथ ही, इससे असम सहित पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश