कामरूप में बाढ़ आपदा से निपटने की तैयारियों की समीक्षा
कामरूप (असम), 22 जुलाई (हि.स.)। असम में गंभीर बाढ़ की स्थिति को देखते हुए कामरूप जिला प्रशासन ने बुधवार को जिला आयुक्त कार्यालय, अमीनगांव में आपातकालीन बाढ़ तैयारी बैठक आयोजित की। बैठक में राहत कार्यों, बचाव व्यवस्था, विभिन्न विभागों के समन्वय और आवश्यक सेवाओं को निर्बाध बनाए रखने की तैयारियों की समीक्षा की गई।
जिला प्रशासन ने बताया कि पलाशबाड़ी और उत्तर गुवाहाटी के प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री वितरित की जा चुकी है। प्रभावित परिवारों के लिए बंगाली एलपी स्कूल और अमीनगांव हायर सेकेंडरी स्कूल में राहत शिविर स्थापित किए गए हैं।
जिला आयुक्त ने बाढ़ राहत कार्यों से जुड़े सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां अगले आदेश तक रद्द करने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) के नए भवन से 24 घंटे निगरानी और आपातकालीन संचालन की व्यवस्था करने का निर्णय लिया गया।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

