कलियाबर में जंगली हाथियों का उत्पात, किसानों को अधपकी धान की फसल काटने की मजबूरी
गुवाहाटी, 21 नवंबर (हि.स.)। असम के कलियाबर के विभिन्न इलाकों में जंगली हाथियों के झुंड ने धान के खेतों में भारी नुकसान पहुंचाया है। हाथियों के लगातार खेतों में घुसकर धान की फसल खाने और रौंदने से किसान परेशान हैं।
जंगली हाथियों के झुंड खेतों में पहुंचकर खड़ी धान की फसल को तहस-नहस कर रहे हैं। किसानों के लिए फसल को हाथियों से बचाना मुश्किल हो गया है। धान की फसल पकने और कटाई का इंतजार कर रहे किसानों को हाथियों के लगातार उत्पात के कारण नुकसान का सामना करना पड़ रहा है।
हाथियों के हमले से फसल बर्बाद होने की आशंका के बीच कई किसान मजबूरी में आधी पकी धान की फसल काटने लगे हैं। किसानों का कहना है कि यदि फसल को खेतों में छोड़ दिया गया तो हाथियों के झुंड उसे पूरी तरह नष्ट कर सकते हैं।
जंगली हाथियों के लगातार उपद्रव से कलियाबर क्षेत्र के कृषक समुदाय में चिंता बढ़ गई है। इससे किसानों की आजीविका और कृषि उत्पादन पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

