धारापुर में हाथी दांत बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
गुवाहाटी, 31 जुलाई (हि.स.)।
वन्यजीव तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए कामरूप पूर्वी वन प्रभाग ने शुक्रवार को एक विशेष अभियान के दौरान गुवाहाटी के धारापुर इलाके से हाथी दांत के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई खानामुख रेंज वन विभाग की एक टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर की। अभियान के दौरान तस्करों द्वारा इस्तेमाल किया जा रहा एक स्कूटर भी जब्त किया गया है।
वन विभाग के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, खानामुख रेंज वन कार्यालय के अधिकारी पिछले करीब एक महीने से मिल रही गुप्त सूचनाओं के आधार पर निगरानी रख रहे थे। इसी सूचना के आधार पर बीट अधिकारी पापरी कछारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम ने संदिग्धों का पीछा किया और आखिरकार धारापुर इलाके से उन्हें रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा, आरोपितों द्वारा इस्तेमाल की जा रही एक स्कूटी (एएस-25एबी-7517) को भी जब्त किया गया।
इस विशेष अभियान में बीट अधिकारी पापरी कछारी की टीम में वन रक्षक मानस प्रतिम बनिया, कृष्णश्री हजारिका, भूपेश मालाकार और प्रमोद कुंवर शामिल थे। वन विभाग ने बताया कि टीम की तत्परता और त्वरित कार्रवाई के कारण ही हाथी दांत की बरामदगी और तस्करों की गिरफ्तारी संभव हो सकी।
गिरफ्तार दोनों आरोपितों की पहचान दीपज्योति कलिता और सुभाष डेका के रूप में हुई है। उनके कब्जे से बरामद किए गए हाथी दांत का वजन लगभग 10 किलोग्राम आंका गया है। वन अधिकारियों ने बताया कि दोनों आरोपितों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देबजानी पतिकर

