home page

नागराकाटा-चालसा रेलखंड में हाथियों के झुंड को देखकर रुकी ट्रेन

 | 

कोकराझार (असम), 23 अगस्त (हि.स.)। धुबड़ी से सिलीगुड़ी जा रही ट्रेन संख्या 75742 डाउन धुबड़ी-सिलीगुड़ी डीईएमयू के लोको पायलट (एलपी) अरुणाभ मित्र और सहायक लोको पायलट (एएलपी) तापस कुमार कार्जी ने समय रहते रेलवे ट्रैक पर हाथियों के झुंड को देखकर ट्रेन को नियंत्रित कर दिया।

जानकारी के अनुसार, बीती रात नागराकाटा-चालसा रेलखंड के किलोमीटर 68/1 के पास लोको पायलट और सहायक लोको पायलट ने रेलवे ट्रैक पर हाथियों के झुंड को चलते हुए देखा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दोनों ने तत्काल सतर्कता बरतते हुए ट्रेन की गति नियंत्रित की और हाथियों को सुरक्षित रूप से ट्रैक से दूर जाने का अवसर दिया।

लोको पायलट और सहायक लोको पायलट की समय पर की गई कार्रवाई और सतर्कता से हाथियों की सुरक्षा सुनिश्चित हुई और संभावित हादसा टल गया। घटना वन्यजीव संरक्षण तथा हाथी-रेल टकराव को रोकने के लिए रेलवे कर्मचारियों की सजगता को भी दर्शाती है।

हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा