ग्वालपाड़ा में हाथी-मानव संघर्ष, एक वन कर्मी की मौत
ग्वालपाड़ा (असम), 28 नवंबर (हि.स.)। ग्वालपाड़ा जिले में हाथी-मानव संघर्ष ने भयानक रूप ले लिया है। जंगली हाथी के हमले में एक वनकर्मी तीर्थ लोचन राय की मौत हो गई। वन विभाग से आज मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा शुक्रवार की देर शाम को हुई। ग्वालपाड़ा जिले में हाथी-मानव संघर्ष की दुखद घटना फिर से एक बार सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, ग्वालपाड़ा जिले के दहिकटा निवासी तीर्थ लोचन राय पर बीती देर शाम दहिकटा क्षेत्र में एक जंगली हाथी ने हमला कर दिया। हाथी के हमले में वनकर्मी गंभीर रूप से घायल हुए और बाद में उन्होंने दम तोड़ दिया। उल्लेखनीय है कि पिछले कई वर्षों से हाथी-मानव संघर्ष को रोकने और जंगली हाथी और लोगों के बीच संघर्ष को कम करने के काम में तीर्थ लोचन राय लगे हुए थे।
बताया जा रहा है कि दुर्भाग्यवश वह व्यक्ति जो लंबे समय से हाथी-मानव संघर्ष को रोकने के लिए काम कर रहा था, उसको जंगली हाथियों के हमले में अपनी जान गंवानी पड़ी। इस घटना के कारण इलाके में शोक की लहर दौड़ गयी है। गंभीर रूप से भयावह हो चुके ग्वालपाड़ा में हाथी-मानव संघर्ष ने एक बार फिर से जागरूक लोगों को चिंतित कर दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

